कटिहार पुलिस के हत्थे चढ़ा हथियारबंद अपराधी, एक देसी कट्टा व नकदी बरामद
कटिहार, 13 अगस्त (हि.स.)। जिले के रौतारा थाना क्षेत्र के खुदना गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव में कोई व्यक्ति किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल की तत्परता से उसे पकड़ लिया गया। पकड़े गए युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, एक मोबाइल फोन और सात हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोलू यादव के रूप में हुई है, जो 19 वर्ष का है और रौतारा थाना क्षेत्र के चंदवा गांव का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिवत कांड दर्ज कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

