सड़क किनारे खड़े स्कूल वाहन में कंटेनर ने पीछे से मारी टक्कर,चालक समेत छह छात्र छात्राएं घायल,चार रेफर

WhatsApp Channel Join Now
सड़क किनारे खड़े स्कूल वाहन में कंटेनर ने पीछे से मारी टक्कर,चालक समेत छह छात्र छात्राएं घायल,चार रेफर


अररिया 09 सितम्बर(हि.स.)। अररिया-फारबिसगंज मार्ग में एनएच 27 स्थित मुरबल्ला चौक के पास अनियंत्रित तेज रफ्तार कंटेनर ने सड़क किनारे खड़े स्कूल वाहन में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।इस सड़क हादसे में स्कूल वाहन के चालक समेत छह छात्र-छात्राएं घायल हो गए।जिन्हें स्थानीय लोगों के मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, स्कूल वाहन सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे कंटेनर ने वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने अररिया आरएस थाना और यातायात थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल ड्राइवर व छात्र-छात्राओं को सदर अस्पताल अररिया पहुंचाया।

सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने स्कूल वाहन के ड्राइवर समेत चार घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो बच्चों जीशान और फैजान का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।

यातायात थाना अध्यक्ष प्रेम कुमार भारती ने बताया कि हादसे में तीन बच्चे और स्कूल वाहन का ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं, तीन-चार अन्य बच्चों को हल्की चोटें आई हैं। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कंटेनर को जब्त कर लिया है।हादसे के बाद एनएच-27 पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और सड़क किनारे वाहनों की सुरक्षित पार्किंग की व्यवस्था कराने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story