अनियंत्रित होकर बाइक डिवाइडर से टकराई,पति की मौत,पत्नी समेत दो महिला जख्मी
अररिया 24 अगस्त(हि.स.)। अररिया-फारबिसगंज एनएच 27 फोरलेन सड़क पर मुड़बल्ला चौक के पास सोमवार को अनियंत्रित होकर एक बाइक सड़क के डिवाइडर से टकरा गई,जिससे बाइक एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस से घायल महिलाओं को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
कुर्साकांटा प्रखंड के हरिरा बलचंदा गांव से बाइक सवारों का एक जत्था मनिहारी से गंगा जल लेकर बाबा सुन्दरनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए निकला था। जत्थे की अधिकांश बाइकें आगे निकल चुकी थीं, जबकि दो बाइकें पीछे रह गई थीं। पीछे आ रही एक तेज रफ्तार बाइक मुड़बल्ला चौक पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार पति-पत्नी सड़क पर गिर पड़े।हादसे में हरिरा बलचंदा गांव निवासी 35 वर्षीय बाइक चालक देबू महतो की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी शोभा देवी घायल हो गईं।इसी दौरान, उनके साथ चल रही दूसरी बाइक भी दुर्घटनाग्रस्त बाइक से टकरा गई। इस बाइक पर बैठी महिला ने भी संतुलन खो दिया और वह सड़क पर गिरकर घायल हो गईं।
ग्रामीणों ने तत्काल तीनों घायलों को सदर अस्पताल, अररिया पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने देबू महतो को मृत घोषित कर दिया।मृतक की पत्नी शोभा देवी और उसी गांव के मनोज महतो की पत्नी सोनी देवी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। दोनों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। देबू महतो की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में मातम छा गया है।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है व मामले की जांच में जुट गई है। यातायात थाना के प्रभारी थानेदार खुशबू कुमारी ने बताया की बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने से एक व्यक्ति की मौत होने की सूचना मिली है।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। यातायात पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

