प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व ने बदला भारत का स्वरूप : प्रदीप कुमार सिंह

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व ने बदला भारत का स्वरूप : प्रदीप कुमार सिंह


अररिया 26 मई(हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बतौर प्रधानमंत्री पद की शपथ ग्रहण के 12 वर्ष पूर्ण होने पर अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने हर्ष जाहिर करते हुए जनता का आभार प्रकट किया।

सांसद ने इस दिन को एक नए युग की शुरुआत बताते हुए कहा कि वर्ष 2014 में मिली ऐतिहासिक जनादेश के साथ प्रारंभ हुआ यह सफर आज नए भारत के निर्माण का मजबूत आधार बन चुका है। सेवा, संकल्प, सुशासन और विकास को केंद्र में रखकर बीते 12 वर्षों में देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व मंच पर नई ताकत, नई पहचान और नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति, महिला सशक्तिकरण, किसानों के उत्थान और युवाओं के अवसरों में जो परिवर्तन आया है, वह ऐतिहासिक है।

विशेष रूप से अररिया सीमांचल क्षेत्र में बीते 12 वर्षों के दौरान विकास की नई इबारत लिखी गई है। सड़क, रेल, स्वास्थ्य, बिजली, आवास, शौचालय, गैस कनेक्शन, बैंकिंग सुविधा, डिजिटल सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंचा है। आज आम नागरिक का जीवन पहले की तुलना में अधिक सरल, सुरक्षित और सम्मानजनक हुआ है।

उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों का गूगल मैप ही विकास की कहानी बताने के लिए पर्याप्त है। जहां कभी बुनियादी सुविधाओं का अभाव था, वहां आज सड़क, पुल, रेलवे कनेक्टिविटी और जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक विस्तार दिखाई देता है। सीमांचल के विकास को नई गति मिली है और क्षेत्र लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व केवल सरकार चलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के भविष्य को आकार देने वाला एक दूरदर्शी और प्रेरणादायी नेतृत्व है।

सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र ने देश के करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

उन्होंने मोदी के साथ देश की जनता के मजबूती के साथ खड़े होने की बात कही

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story