राजनीति को जनसेवा मानता हूं, व्यापार नहीं,व्यापार समझने वाले मुझे ज्ञान न दें: सांसद

WhatsApp Channel Join Now
राजनीति को जनसेवा मानता हूं, व्यापार नहीं,व्यापार समझने वाले मुझे ज्ञान न दें: सांसद


अररिया, 20 अक्टूबर(हि.स.)। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर द्वारा अररिया में सांसद प्रदीप कुमार सिंह को लेकर दिए गए बयान पर सांसद ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के बारे में टिप्पणी करने से पहले उसके जनसेवा के कार्यों, जनता के साथ उसके जुड़ाव और क्षेत्र के प्रति उसके समर्पण को समझना चाहिए। बिना पूरी जानकारी के किसी की पहचान पर सवाल उठाना उचित नहीं है।

सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा, जो मुझे नहीं जानते, उनके लिए बेहतर होगा कि वे मेरे बारे में कोई बयान देने से पहले अररिया की जनता से पूछ लें। मेरी पहचान किसी के प्रमाणपत्र की मोहताज नहीं है। मेरी पहचान अररिया की जनता के साथ मेरा जुड़ाव, उनका विश्वास और उनके सुख-दुख में मेरी सहभागिता है।उन्होंने कहा कि मैं राजनीति को व्यापार नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम मानता हूं। मेरे लिए राजनीति का अर्थ जनता के बीच रहना, उनकी समस्याओं को सुनना, उनके समाधान के लिए प्रयास करना और क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर काम करना है। राजनीति को केवल बयानबाजी तक सीमित रखने के बजाय जनता के हितों को प्राथमिकता देनी चाहिए।

सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव का उल्लेख करते हुए एनडीए प्रत्याशी डॉ एन.के. यादव जी की जीत को लेकर भरोसा जताया।

सांसद ने कहा कि प्रशांत किशोर को जनता ने राजनीति में अपनी भूमिका निभाने का अवसर दिया है। उन्हें चाहिए कि वे जनता की सेवा करें, उनकी समस्याओं को समझें और उनके हित में काम करें। दूसरों की पहचान पर सवाल उठाने के बजाय जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक पहल करना अधिक महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के अवसर पर भी मैं जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित पूजा पंडालों में पहुंचकर लाखों लोगों से मिल चुका हूं। पर्व-त्योहार के अवसर पर लोगों के बीच जाना, उन्हें शुभकामनाएं देना, उनके सुख-दुख में सहभागी बनना और उनकी अपेक्षाओं को समझना मेरे सार्वजनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा है।

सांसद ने कहा कि अररिया की जनता के साथ उनका वर्षों का संबंध है। जनता के आशीर्वाद और विश्वास के बल पर ही उन्हें क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। वे इस विश्वास को बनाए रखने और नया अररिया बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764025 Articles

Share this story