जनसेवा से राष्ट्रसेवा तक प्रधानमंत्री का 25 वर्षों का सफर प्रेरणादायी : सांसद

WhatsApp Channel Join Now
जनसेवा से राष्ट्रसेवा तक प्रधानमंत्री का 25 वर्षों का सफर प्रेरणादायी : सांसद


अररिया 16 सितम्बर(हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में सेवा संकल्प महाअभियान चलाया जा रहा है।

अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी ने अपने राजनीतिक जीवन की एक नई जिम्मेदारी संभाली थी। आगामी 7 अक्टूबर 2026 को उनके सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। इन 25 वर्षों में प्रधानमंत्री ने जनसेवा को राष्ट्रसेवा का माध्यम मानकर निरंतर देशहित में कार्य किया है।

सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जीवन सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्र निर्माण का प्रेरक उदाहरण है। एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में प्रारंभ हुई उनकी यात्रा आज विश्व पटल पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा और सामर्थ्य से जुड़ी हुई है। उनके नेतृत्व में देश ने विकास, आत्मनिर्भरता, गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण, युवा शक्ति तथा सामाजिक सहभागिता के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण पहलें देखी हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प महाअभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा बूथ स्तर तक सेवा एवं जनकल्याण के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस क्रम में प्रत्येक बूथ पर दीप जलाकर प्रधानमंत्री के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की जाएगी। साथ ही रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य शिविर, जल संरक्षण, दिव्यांगजनों के बीच कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरणों का वितरण तथा खेलकूद प्रतियोगिताओं सहित अनेक जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित होंगे।

सांसद ने कहा कि यह अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि सेवा को सामाजिक संस्कार और राष्ट्र निर्माण को जनभागीदारी से जोड़ने का संकल्प है। प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से प्रेरणा लेकर भाजपा कार्यकर्ता और समाज के लोग सेवा कार्यों के माध्यम से जरूरतमंदों तक पहुंचेंगे।

प्रदीप कुमार सिंह ने अररिया लोकसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से सेवा संकल्प महाअभियान में सक्रिय सहभागिता का आह्वान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर हम सभी अपने-अपने घरों के आगे एक दीप जलाकर उनके दीर्घायु होने की कामना करे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story