सांसद ने मिशन विकसित और नगर सौंदर्यीकरण के तहत सड़क चौड़ीकरण कार्य का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
सांसद ने मिशन विकसित और नगर सौंदर्यीकरण के तहत सड़क चौड़ीकरण कार्य का किया निरीक्षण


अररिया 08 अप्रैल(हि.स.)।

अररिया मिशन विकसित के तहत कॉलेज से चांदनी चौक, चांदनी चौक से जीरो माइल एवं जीरो माइल से गौढ़ी चौक तक सड़क चौड़ीकरण, यातायात सुगमता एवं शहरी सौंदर्यीकरण कार्य का सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने अधिकारियों के साथ बुधवार को जायजा लिया।कार्य को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ सांसद ने विस्तार से चर्चा भी की।

इस अवसर पर एनएचएआई (सुपौल डिविजन) के एक्जीक्यूटिव,पीडब्ल्यूडी अररिया के एक्जीक्यूटिव, नगर परिषद के चैयरमैन विजय मिश्रा एवं उप चेयरमैन गौतम साह के साथ शहर के प्रमुख चौक-चौराहों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अररिया कॉलेज से चांदनी चौक, चांदनी चौक से जीरो माइल एवं जीरो माइल से गौढ़ी चौक तक सड़क चौड़ीकरण, यातायात सुगमता एवं शहरी सौंदर्यीकरण को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए, ताकि कार्य में तेजी लाकर आम जनता को शीघ्र बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

मौके पर सांसद ने कहा कि अररिया को एक विकसित, व्यवस्थित और आधुनिक शहर के रूप में स्थापित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। शहर के प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण केवल यातायात सुधार का विषय नहीं है, बल्कि यह आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, व्यापार को सशक्त करने और आम नागरिकों के जीवन को सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने आगे कहा कि मिशन विकसित अररिया के तहत हम योजनाबद्ध तरीके से शहर के हर हिस्से का कायाकल्प करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वय से विकास कार्यों को तेज गति दी जाएगी, ताकि अररिया आने वाले समय में एक मॉडल शहर के रूप में उभर सके।

सांसद ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किया जाए तथा आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story