नरपतगंज के पीड़ित परिवारों को सांसद ने दी 25 हजार की तत्काल सहायता

WhatsApp Channel Join Now
नरपतगंज के पीड़ित परिवारों को सांसद ने दी 25 हजार की तत्काल सहायता


अररिया 19 मई(हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में नरपतगंज प्रखंड के पांच मजदूरों की दर्दनाक मृत्यु की खबर से पूरा अररिया जिला शोकाकुल है।मंगलवार को सांसद प्रदीप कुमार सिंह पीड़ित परिवारों से मिलने नरपतगंज पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया।

सांसद ने मृतक मजदूरों के प्रत्येक परिवार को तत्काल राहत स्वरूप 25-25 हजार रूपये की आर्थिक सहायता प्रदान की तथा कहा कि इस दुःख की घड़ी में पूरा समाज और सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करने गए युवकों की इस तरह असमय मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक है।

सांसद ने जिलाधिकारी से दूरभाष पर बात कर निर्देश दिया कि सभी आवश्यक कागजी प्रक्रिया तत्काल पूर्ण कराई जाए ताकि मृतकों के आश्रितों को शीघ्र उचित मुआवजा एवं सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जा सके। साथ ही घायलों के बेहतर इलाज और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने राज्य एवं केंद्र सरकार से भी पीड़ित परिवारों को अधिकतम सहायता प्रदान करने की मांग करते हुए कहा कि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने हेतु संबंधित फैक्ट्रियों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाना आवश्यक है।

इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story