सांसद ने लोकसभा में सीमांचल को राष्ट्रीय आपदा प्रभावित कृषि जोन घोषित करने की मांग की
अररिया 27 मार्च(हि.स.)। अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने शुक्रवार को लोकसभा के पटल पर शून्यकाल के दौरान सीमांचल क्षेत्र, विशेषकर अररिया जिले में हाल ही में आई भीषण आंधी एवं तेज बारिश से उत्पन्न स्थिति को गंभीरता से उठाया।सांसद ने अपने व्यक्तव्य में कहा कि इस प्राकृतिक आपदा के कारण क्षेत्र में व्यापक स्तर पर जान-माल की क्षति हुई है तथा हजारों किसानों की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है।
सीमांचल क्षेत्र लंबे समय से बाढ़ एवं जल जमाव जैसी स्थायी समस्याओं से जूझ रहा है। कोसी, परमान सहित अन्य नदियों के कारण प्रत्येक वर्ष लाखों हेक्टेयर कृषि भूमि प्रभावित होती है, जिससे किसानों को लगातार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मुख्यतः कृषि पर आधारित है,जहां धान, मक्का एवं जूट की खेती बड़े पैमाने पर की जाती है, किंतु बार-बार की प्राकृतिक आपदाओं के कारण किसानों की स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है तथा युवाओं का पलायन भी तेजी से बढ़ रहा है।
इस परिप्रेक्ष्य में सांसद ने केंद्र सरकार से सीमांचल क्षेत्र को राष्ट्रीय आपदा प्रभावित कृषि जोन घोषित करने की मांग की।
हालिया आंधी-बारिश से हुई क्षति का त्वरित आकलन कर प्रभावित किसानों को तत्काल मुआवजा प्रदान करने के साथ
क्षेत्र के समग्र विकास हेतु विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा देने की मांग सरकार से की।बाढ़ की स्थायी समस्या के समाधान के लिए दीर्घकालिक एवं ठोस योजना तैयार करने,प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को अधिक सरल एवं प्रभावी बनाने ताकि किसानों को समय पर लाभ मिल सके।सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं तटबंधों के मजबूतीकरण हेतु विशेष अनुदान उपलब्ध कराने जैसी मांग सांसद ने सदन के पटल पर रखी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

