अवैध मॉडिफाइड डीजे वाहनों पर प्रशासन सख्त, लगातार चल रहा विशेष जांच अभियान

WhatsApp Channel Join Now
अवैध मॉडिफाइड डीजे वाहनों पर प्रशासन सख्त, लगातार चल रहा विशेष जांच अभियान


अररिया 23 फरवरी(हि.स.)।राज्य सरकार एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर अवैध रूप से संचालित एवं मॉडिफाइड डीजे वाहनों के विरुद्ध जिले में परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है।

जिला परिवहन पदाधिकारी डॉ संजीव कुमार सज्जन के नेतृत्व में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।

परिवहन विभाग की टीम द्वारा मोटरयान निरीक्षक एवं प्रवर्तन अवर निरीक्षक के साथ संयुक्त रूप से प्रमुख सड़कों, बाजार क्षेत्रों एवं अन्य संवेदनशील स्थलों पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। जांच के दौरान बिना अनुमति डीजे सिस्टम लगाए गए वाहनों, वाहनों में अवैध रूप से संरचनात्मक बदलाव करने वाले वाहन स्वामियों तथा ध्वनि प्रदूषण मानकों का उल्लंघन करने वाले मामलों को चिन्हित कर नियमानुसार जुर्माना लगाया जा रहा है। गंभीर मामलों में वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई भी की गई है।

जिला परिवहन पदाधिकारी डॉ संजीव कुमार सज्जन ने बताया कि बिना सक्षम प्राधिकार की अनुमति के वाहन में डीजे सिस्टम लगाना एवं उसके मूल स्वरूप में परिवर्तन करना मोटर वाहन अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में आर्थिक दंड के साथ-साथ वाहन का पंजीकरण रद्द करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि यह अभियान सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने, ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण रखने तथा सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। साथ ही वाहन स्वामियों से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों में अवैध रूप से डीजे सिस्टम का उपयोग नहीं करें तथा परिवहन नियमों का पालन सुनिश्चित करें।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध डीजे वाहन संचालकों में हड़कंप देखा जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story