तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने मचाई भारी तबाही

WhatsApp Channel Join Now
तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने मचाई भारी तबाही


अररिया 29 जून(हि.स.)। अररिया में बीती मध्य रात्रि तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई। तेज आंधी के कारण कई घरों के छत के टीन उखड़ कर दूर जा गिरे, जिसके कारण रातभर लोग भीगने को लोग विवश रहा।

कई स्थानों पर पेड़ उखड़ जाने और सड़क पर पेड़ के गिर जाने के कारण आवागमन व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। सोमवार की सुबह प्रशासनिक अधिकारियों ने गिरे हुए पेड़ को काटकर अलग कर आवागमन व्यवस्था को दुरुस्त किया।

एनएच 27, एनएच 327 ई और स्टेट हाइवे सहित ग्रामीण इलाकों में कई स्थानों पर पेड़ उखड़ जाने की जानकारी मिली है।

तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के कारण अररिया रेलवे स्टेशन रोड पर अररिया प्रखंड कार्यालय के समीप एक विशाल पेड़ जड़ से उखड़ कर सड़क पर गिर गया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। रात करीब 2 बजे आई तेज आंधी के कारण यह हादसा हुआ।

सड़क के बीचो-बीच पेड़ गिरने से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। मोटरसाइकिल, ऑटो, कार सहित चार पहिया वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप है।

तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने एकबार फिर आमजनों को प्रभावित किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story