अररिया को बाल श्रम मुक्त बनाने का लिया गया संकल्प
अररिया 30 अप्रैल(हि.स.)।बाल श्रम उन्मूलन दिवस के मौके पर गुरुवार को संयुक्त श्रम भवन के सभागार में श्रम अधीक्षक अमित कुमार की अध्यक्षता में जागरूकता कार्यक्रम सह शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। जिसका मुख्य उद्देश्य जिले को बाल श्रम मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों को मजबूत करना रहा।
इस अवसर पर सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई शंभू कुमार रजक ने कहा कि बाल श्रम उन्मूलन हेतु सरकार द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों के साथ समाज के सभी वर्गों के लोगों को आगे आना होगा और इसके लिए सभी जागरूक रहने की जरूरत है।
वहीं श्रम अधीक्षक अमित कुमार ने कहा बाल श्रम मुक्त करने हेतु लगातार ड्राइव चलाया जा रहा है और मुक्त कराए गए बच्चों को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित भी किया जा रहा है। उन्होंने उपस्थित लोगों को अररिया जिले को बाल श्रम मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प दिलाया और इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस क्रम में बाल श्रम उन्मूलन की शपथ भी दिलाई गई।
बैठक के दौरान अन्य वक्ताओं ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त करते हुए बाल श्रम के उन्मूलन की दिशा में ठोस कदम उठाने पर बल दिया। वक्ताओं ने कहा कि बाल श्रम समाज के विकास में बाधा है और इसे समाप्त करने के लिए प्रशासन, समाज एवं संगठनों के बीच समन्वय आवश्यक है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

