स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने को लेकर जिले के अस्पतालों की जांच
अररिया 21 अप्रैल(हि.स.)। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से डीएम विनोद दूहन के निर्देश पर मंगलवार को सरकारी अस्पतालों की व्यापक जांच की गई। जिलाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने आवंटित अस्पतालों का त्वरित निरीक्षण कर निर्धारित प्रपत्र में विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। निरीक्षण के दौरान अस्पतालों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति, ड्यूटी रोस्टर का पालन, दवाओं की उपलब्धता और जांच उपकरणों की कार्यशीलता की बारीकी से जांच की जा रही है।इसके अलावा पेयजल, साफ-सफाई, मरीजों के लिए बुनियादी सुविधाएं तथा समग्र व्यवस्था का भी गहन मूल्यांकन किया जा रहा है। अस्पतालों में कार्यरत एक्स-रे टेक्नीशियन, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट सहित अन्य कर्मियों की कार्यप्रणाली पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।कैम्पस में निजी नर्सिंग होम, निजी जांच घर,एक्स-रे, निजी मेडिसीन प्रतिष्ठानों के कर्मी ईलाज हेतु आ रहे मरीजों को निजी नर्सिंग होम में ईलाज कराने,जांच कराने तथा दवा क्रय हेतु गुमराह करने वाले व्यक्तियों के भी पहचान की जा रही है।मंगलवार को प्रारंभिक जांच में कुछ अस्पतालों की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई है, जबकि कई स्थानों पर कमियां उजागर हुई हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जहां भी खामियां पाई जाएंगी, वहां त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी तथा दोषी कर्मियों पर भी नियमानुकूल कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

