महिला कॉलेज में परीक्षा के नाम पर 500 रुपये तक की अवैध अवैध वसूली

WhatsApp Channel Join Now
महिला कॉलेज में परीक्षा के नाम पर 500 रुपये तक की अवैध अवैध वसूली


अररिया 18 सितम्बर(हि.स.)।

फारबिसगंज जीरा देवी शीतल साह महिला महाविद्यालय में सीआई परीक्षा के नाम पर छात्र-छात्राओं से दो सौ से पांच सौ रुपये तक राशि लिए जाने का मामला सामने आया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद इंडियन नेशनल यूथ कांग्रेस के शेख तालिब कॉलेज पहुंचे और छात्राओं से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली।

छात्राओं से मिली जानकारी के आधार पर शेख तालिब ने महाविद्यालय प्रशासन के समक्ष कथित राशि वसूली का विरोध दर्ज कराया। विरोध के बाद छात्र-छात्राओं से ली गई राशि वापस कराए जाने का दावा किया गया है।

शेख तालिब ने कहा कि शिक्षा संस्थान में विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार की अनाधिकृत राशि की वसूली नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के नाम पर निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त राशि लिए जाने की शिकायत गंभीर है। उन्होंने पूर्णिया विश्वविद्यालय प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही कहा कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

इधर, राशि लिए जाने के मामले में महाविद्यालय के प्रधानाचार्य ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि जीरा देवी शीतल साह महिला महाविद्यालय को सरकार की ओर से फंड उपलब्ध नहीं कराया जाता है। ऐसे में महाविद्यालय की विभिन्न आवश्यकताओं और व्यवस्था के संचालन के लिए विद्यार्थियों से राशि ली जाती है।प्रधानाचार्य के अनुसार महाविद्यालय के संचालन से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए विद्यार्थियों से राशि लेना पड़ता है। वहीं, शेख तालिब ने कहा कि विद्यार्थियों से राशि लेने का आधार, शुल्क की मद और विश्वविद्यालय के निर्देश को स्पष्ट किया जाना चाहिए, ताकि छात्र-छात्राओं के बीच किसी प्रकार का भ्रम न रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story