श्री विष्णु विराट रूप का दर्शन सह नवाह संकीर्तन का समापन,शहर में शोभायात्रा निकालकर प्रतिमा विसर्जित
अररिया, 29 मार्च(हि.स.)। फारबिसगंज के केशरी टोला में पिछले ग्यारह दिनों से चल रहे श्री विष्णु विराट रूप का दर्शन सह नवाह संकीर्तन का समापन रविवार को हवन आहुति के साथ हुआ।
स्थानीय केशरी टोला में प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी बीते 11 दिनों से अनवरत जारी श्रीविष्णु विराट रूप का दर्शन, नवाह संकीर्त्तन व हवन का भव्य समापन रविवार को बड़े ही हर्षोल्लास व धार्मिक श्रद्धा के साथ संपन्न हो गया।अंतिम दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु यज्ञस्थल पहुंचकर पूजा पाठ के साथ हवन में भाग लिया।
विसर्जन को लेकर भगवान विष्णु की तीस फीट ऊंची विराट प्रतिमा के साथ-साथ अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का नगर भ्रमण शोभायात्रा के साथ की गई। बैंड बाजे और ढाक के थाप पर शोभायात्रा में शामिल भक्त झूमते नाचते नगर भ्रमण किया।विभिन्न स्थानों पर प्रतिमा के गुजरने पर श्रद्धालुओं ने छत से भगवान विष्णु और अन्य देवी देवताओं के प्रतिमा पर पुष्प वर्षा की।साथ ही घर के सामने से गुजरने पर सड़क के किनारे खड़ी महिलाओं ने आरती दिखाकर आराधना की।
विसर्जन शोभायात्रा केशरी टोला स्थित यज्ञस्थल से निकलकर दीनदयाल चौक,एस.के.रोड़,छुआपट्टी, राजेन्द्र चौक, सदर रोड़,पोस्ट ऑफिस चौक होते हुए सुल्तान पोखर पर पहुंची।जहां भक्ति भाव के साथ भगवान विष्णु के विराट प्रतिमा के साथ अन्य देवी देवताओं के प्रतिमा का जल में प्रवाह किया गया।
विसर्जन शोभायात्रा में शामिल भक्त ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाया और जमकर आतिशबाजी की।वहीं शोभायात्रा में शामिल विभिन्न कीर्तन मंडली के राम धुन गायन के साथ आदिवासियों का समूह नृत्य ने सबों का मन मोह लिया।
शोभायात्रा को लेकर फारबिसगंज थाना पुलिस की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।भारी संख्या में पुलिस अधिकारी समेत पुलिस बलों को लगाया गया। वहीं नगर परिषद प्रशासन की ओर से साफ सफाई के विशेष इंतजाम किए गए। सड़क के किनारे बिखरे कूड़े को हटाकर सड़क के दोनों और चूना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया। शोभायात्रा में विधि व्यवस्था संधारण को लेकर स्वयं थानाध्यक्ष राघवेंद्र कुमार सिंह मुस्तैद दिखे। शहर के मुख्य चौक चौराहों सहित प्रमुख स्थलों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

