अक्षय तृतीया पर एसडीएम ने बाल विवाह रोकथाम की सतर्कता को लेकर की बैठक

WhatsApp Channel Join Now
अक्षय तृतीया पर एसडीएम ने बाल विवाह रोकथाम की सतर्कता को लेकर की बैठक


अररिया 18 अप्रैल(हि.स.)। जिले में बाल अधिकारों की सुरक्षा व बाल विवाहों की रोकथाम को लेकर फारबिसगंज अनुमंडल कार्यालय परिसर में शनिवार को बाल विवाह निषेध अधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी ने विभिन्न संगठनों के साथ बैठक की।बाल विवाह की रोकथाम को लेकर एसडीएम ने संकल्प दोहराया। जागरण कल्याण भारती फारबिसगंज अनुमंडल प्रशासन, पंचायतों, स्कूलों और धर्मगुरुओं के साथ मिलकर बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए स्कूलों, पंचायतों और गांवों में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।

मौके पर एसडीएम अभय कुमार तिवारी ने कहा कि अक्षय तृतीया जैसे मौकों पर प्रशासन व सरकार के सहयोग से इसकी रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाता रहा है। जागरण कल्याण भारती, फारबिसगंज देश में बाल अधिकारों की सुरक्षा व संरक्षण के लिए 250 से भी अधिक नागरिक समाज संगठनों के देश के सबसे बड़े नेटवर्क जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन का सहयोगी संगठन है।

बाल विवाह के खिलाफ अभियान की सफलता पर संतोष जाहिर करते हुए एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा ने संबोधित करते हुए कहा कि अक्षय तृतीया के शुभ दिन की आड़ में बाल विवाह जैसे अपराध को कतई स्वीकार नहीं किया जा सकता। प्रशासन व नागरिक समाज संगठनों की सतर्कता से अब अक्षय तृतीया के दिन होने वाले बाल विवाहों की संख्या में खासी कमी आई है लेकिन हमें इसे पूरी तरह रोकने की जरूरत है।एसडीएम और एसडीपीओ ने बाल विवाह को रोकने को लेकर कानूनी प्रावधान की जानकारी दी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story