प्रावि आदिवासी टोला मधुरा में जन औषधि दिवस व सुरक्षित शनिवार मनाया गया
अररिया 07 मार्च(हि.स.)। फारबिसगंज प्रखंड के तिरसकुंड पंचायत अंतर्गत स्थित प्राथमिक विद्यालय आदिवासी टोला मधुरा में शनिवार को जन औषधि दिवस एवं बिहार सरकार के सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
शिक्षक रंजीत कुमार मंडल ने बताया कि जन औषधि दिवस प्रत्येक वर्ष 7 मार्च को मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य जेनेरिक दवाइयों को बढ़ावा देना और आम लोगों को स्वास्थ्य खर्च में राहत पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जन औषधि की दवाइयां ब्रांडेड दवाइयों की तुलना में 50 से 80 प्रतिशत तक सस्ती होती हैं।
इस मौके पर पूर्व प्रधानाध्यापक कुमार राजीव रंजन ने नजदीकी जन औषधि केंद्र से दवाइयां खरीदकर बच्चों को दिखाया और जेनेरिक दवाइयों के बारे में जानकारी दी।
वहीं फोकल शिक्षक संजीत कुमार निगम ने सुरक्षित शनिवार के तहत आग लगने और बिजली से होने वाले खतरों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि खड़मास के समय गांवों में अधिकतर घर फूस के बने होते हैं, जो थोड़ी सी आग लगने पर तेजी से जल सकते हैं। साथ ही तेज हवा के कारण बिजली के तारों से निकलने वाली चिंगारी से भी आग लगने का खतरा बना रहता है। इसलिए सभी को सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के अंत में प्रधान शिक्षक ने भी बिजली से बचाव के उपायों की जानकारी दी और बच्चों को सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

