डीएम के आदेश पर प्राइम हेल्थ केयर सेंटर नामक हॉस्पिटल सील
अररिया 18 नवम्बर(हि.स.)।
डीएम विनोद दूहन के आदेश पर बुधवार को गठित टीम ने फारबिसगंज स्थित प्राइम हेल्थ केयर सेंटर की जांच की।इस दौरान अस्पताल के चिकित्सक और कर्मचारी सभी फरार पाए गए।अस्पताल में ऑपरेशन किया हुआ तीन गायनी के मरीज का रेस्क्यू कर उसे समुचित इलाज के लिए फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।गठित टीम ने प्राइम हेल्थ केयर सेंटर को सील कर दिया।यह कार्रवाई फारबिसगंज एसडीएम अभय कुमार तिवारी,नरपतगंज प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में हुई।
रेस्क्यू कर अनुमंडल अस्पताल भेजे गए मरीजों को लेकर एसडीएम अभय कुमार तिवारी ने अस्पताल प्रबंधक प्रवीण कुमार को स्पष्ट निर्देश दिया कि ऑपरेशन किए गए सभी मरीजों का चिकित्सकों के देखरेख में समुचित उपचार सुनिश्चित की जाय। मरीजों की स्थिति को देखते हुए उनकी देखरेख और इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
अनुमंडल कार्यालय से महज कुछ दूरी पर स्थित प्राइम हेल्थ केयर सेंटर के बोर्ड पर डॉ. संजय कुमार के साथ डॉ अकबर अली अंसारी का नाम अंकित है।अस्पताल डॉ अकबर अली अंसारी के द्वारा संचालित बताया जाता है।बोर्ड पर नीचे स्पष्ट रूप से सभी प्रकार के ऑपरेशन किए जाने की बात लिखी गई है।डॉ अकबर अली अंसारी आयुष चिकित्सक हैं और उनकी डिग्री बीएएमएस की है।स्थानीय स्तर पर डॉ. संजय कुमार को लेकर यह भी चर्चा है कि वे अररिया में पदस्थापित होने के बावजूद फारबिसगंज पहुंचकर विभिन्न निजी अस्पतालों में अपने नाम से मरीजों का उपचार एवं ऑपरेशन करते हैं। इस संबंध में उनके पदस्थापन, निजी अस्पतालों में कार्य करने की अनुमति, चिकित्सकीय जिम्मेदारी और मरीजों के उपचार से जुड़े तथ्यों की आधिकारिक जांच की मांग होने लगी है।
हालांकि, इस संबंध में संबंधित चिकित्सक का पक्ष एवं उनके पदस्थापन से जुड़े आधिकारिक दस्तावेज सामने आना बाकी है। इसलिए पूरे मामले में स्वास्थ्य विभाग की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। स्थानीय जानकारी के अनुसार, प्राइम हेल्थ केयर सेंटर का पूर्व नाम त्रिदेव हॉस्पिटल था। पूर्व में भी इस अस्पताल को सील किए जाने की बात सामने आई है। ऐसे में नाम बदलकर दोबारा अस्पताल संचालन किए जाने और पूर्व की कार्रवाई के बावजूद चिकित्सीय गतिविधियां जारी रहने के पूरे मामले की जांच आवश्यक है।
मौके पर मौजूद एसडीएम अभय कुमार तिवारी ने बताया कि यह कार्रवाई डीएम के आदेश पर हुआ है,जिसके लिए उनके नेतृत्व में टीम का गठन किया गया था।आयुष चिकित्सक के द्वारा गायनी मरीजों के इलाज को पूरी तरह अवैधानिक बताते हुए एसडीएम ने क्लिनिकल स्टेब्लिशमेंट एक्ट के तहत कार्रवाई करने की बात कही साथ ही उन्होंने मामले में डीएम को उनके द्वारा एक प्रतिवेदन दिए जाने की बात कही गई।
प्रशासनिक कार्रवाई के बाद अब स्वास्थ्य विभाग की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो गई है। अस्पताल के पंजीकरण, संचालन की अनुमति, चिकित्सकों की योग्यता, ऑपरेशन की व्यवस्था, मरीजों के रिकॉर्ड और पूर्व में हुई कार्रवाई से जुड़े सभी पहलुओं की जांच होने पर ही वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।कार्रवाई से निजी अस्पतालों में बिना निर्धारित मानकों के मरीजों का उपचार किए जाने का स्पष्ट खुलासा हुआ है।मरीजों की सुरक्षा और निजी चिकित्सा संस्थानों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए नियमित जांच और निगरानी की जरूरत है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

