दो महिला शिक्षिका से दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग की घटना में कोढ़ा गैंग का एक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
दो महिला शिक्षिका से दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग की घटना में कोढ़ा गैंग का एक गिरफ्तार


अररिया 31 मार्च(हि.स.)। फारबिसगंज में सात दिनों के भीतर दिनदहाड़े दो महिला शिक्षिकाओं के चेन स्नेचिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। बाइक पर सवार दो बदमाशों के द्वारा दोनों घटना को अलग-अलग स्थान पर एक ही तरह से अंजाम दिया था। मामले में पुलिस ने कटिहार के कोढ़ा गैंग के सक्रिय सदस्य कटिहार के रौतारा वार्ड संख्या एक नया टोला के 44 वर्षीय गणेश यादव को गिरफ्तार किया है,जिनके पास से पुलिस ने चेन की बिक्री कर बचे नौ हजार रूपये बरामद किए। फारबिसगंज थाना में मंगलवार को यह जानकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुकेश कुमार साहा ने थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह के साथ दी।

फारबिसगंज एसडीपीओ ने बताया कि 19 मार्च को दीनदयाल चौक पटुवा गोला के पास बाइक पर सवार दो बदमाशों द्वारा महिला शिक्षिका के सोने का मंगलसूत्र झपट्टा मारकर छीन लिया था।जिसको लेकर फारबिसगंज थाना में कांड संख्या 168/26 धारा 304 बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था। इस तरह 26 मार्च को पुराना इंडियन ऑयल के पास बाइक पर सवार दो बदमाशों ने महिला शिक्षिका के गले से चेन की छिनतई कर ली थी, जिसको लेकर फारबिसगंज थाना में कांड संख्या 174/26 धारा 304 बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था।

घटना के बाद एसपी जितेंद्र कुमार के द्वारा मामले के उद्भेदन को लेकर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम के द्वारा शहर में लगे सैकड़ो सीसीटीवी कैमरे के फुटेज का अवलोकन करते हुए अपराधी की पहचान की गई। जिसके तहत कटिहार जिला के रौतारा गणेश यादव की गिरफ्तारी की गई। एसडीपीओ ने बताया कि घटना में शामिल दूसरे फरार अपराधी की भी शिनाख्त कर ली गई है।कटिहार के रौतारा नया टोला वार्ड संख्या एक का रहने वाला सुरेन्द्र उर्फ सुरेन यादव पिता बाली यादव है। जिसकी भी गिरफ्तारी शीघ्र कर लिए जाने का दावा किया गया।

एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार गणेश यादव ने दोनों घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।कांड संख्या 168/26 मामले में छिनतई की गई चेन को 50 हजार में बेचने और उनके हिस्से में 25 हजार रूपये आने की बात कही।जिसमें खर्च होने के बाद शेष बचे नौ हजार रूपये पुलिस ने बरामद किए हैं।

छापामारी टीम में थाना अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह,सब इंस्पेक्टर अमित राज,प्रभा कुमारी,शिवम कुमार, मनीष कुमार और थाना रिजर्व बल के सशस्त्र सिपाही थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story