फारबिसगंज सिविल कोर्ट के वकीलों का आंदोलन सातवें दिन भी जारी

WhatsApp Channel Join Now
फारबिसगंज सिविल कोर्ट के वकीलों का आंदोलन सातवें दिन भी जारी


अररिया 11 जून(हि.स.)।

नव निर्मित टेन कोर्ट भवन के उद्घाटन, क्रिमिनल कोर्ट के शुभारंभ तथा विभिन्न लंबित मांगों को लेकर बार एसोसिएशन एवं एडवोकेट एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ताओं का धरना-प्रदर्शन सातवें दिन भी गुरुवार को जारी रहा। अधिवक्ताओं ने अपनी बांहों पर काला बिल्ला लगाकर धरना प्रदर्शन में शामिल हुए।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश चंद्र वर्मा तथा एडवोकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष विश्वजीत प्रसाद के संयुक्त नेतृत्व में अनुमंडल कार्यालय परिसर में आयोजित धरना-प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। साथ ही, आंदोलन के बीच अपने न्यायिक कार्यों का भी निर्वहन करते हुए एकजुटता का परिचय दिया।

अधिवक्ताओं ने कहा कि फारबिसगंज व्यवहार न्यायालय में नव निर्मित टेन कोर्ट भवन का शीघ्र उद्घाटन कर क्रिमिनल कोर्ट का संचालन शुरू किया जाए तथा अधिवक्ताओं की अन्य मांगों पर भी अविलंब कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगों के पूरा होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

धरना-प्रदर्शन में बार एसोसिएशन के महासचिव गोपाल प्रसाद मंडल, राकेश कुमार दास, अनिल सिन्हा, विजय निराला, उर्मिला जैन, रीता देवी, शशि सुमन, मदन लाल गुप्ता, सिराजुद्दीन मंसूरी, राहुल रंजन, कपिल देव मेहता, मो. मुसब्बिर आलम सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story