ओम शांति केन्द्र में ईश्वरीय स्नेह मिलन आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन
अररिया 27 अप्रैल(हि.स.)।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय नेपाल की मुख्य निर्देशिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी राज दादीजी एवं सह निर्देशिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी किरण दीदी के सम्मान में ओम शांति केन्द्र फारबिसगंज में ईश्वरीय स्नेह मिलन नामक आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
मौके पर अपने अध्यक्षीय संबोधन में राजयोगिनी राज दादीजी ने आध्यात्मिक संदेश देते हुए कहा कि प्रत्येक मनुष्य अपने जीवन में राजयोग बल के द्वारा साकारात्मक चिंतन कर पवित्रता धारण कर समाज के साथ विश्व का कल्याण कर सकता है।उन्होंने कहा कि सहयोग और सद्भाव की भावना से असंभव कार्य भी संभव हो जाता है।देह अभिमान का त्याग कर स्नेह, प्रेम, सहयोग और पवित्रता को धारण करने से ही मनुष्य फरिश्ता बन सकता है। विश्व में अशांति का दौर और नाकारात्मकता की पराकाष्ठा की ओर ध्यान आकृष्ट कराते हुए उन्होंने संदेश दिया कि परमात्मा की याद में रह कर किए गए कार्य ही विकारों से मुक्ति दिलाते हैं और मायाजीत जगतजीत बनते हैं।
सह निर्देशिका बी के किरण दीदी जी ने अपने आध्यात्मिक संदेश में शिव बाबा और ब्रह्मा बाबा की कथनी और करनी में समानता का उल्लेख की। इस अवसर पर स्थानीय ओम शांति केन्द्र की संचालिका बी के रुकमा दीदी ने उपस्थित दादी मां,किरण दीदी,कोशी प्रदेश की संचालिका बी के गीता दीदी और नेपाल ज़ोन के महासचिव बी के राम सिंह,वाणेश्वर काठमांडू केन्द्र की संचालिका बी के दीपा दीदी,बी के तारा दीदी,बी के अमृता दीदी,बी के संतोषी दीदी,बी के पंचू भाई,बी के सूरज भाई,शारदा दीदी, शक्ति दीदी,मीरा दीदी सहित उपस्थित मुख्य अतिथि एसडीओ अभय कुमार तिवारी एवं विशिष्ट अतिथि डॉ मानव महेश ठाकुर का स्वागत किया। सभी को केंद्र की बी के सीता दीदी, संतोषी दीदी ने अंगवस्त्र और पुष्प माला देकर सम्मानित किया।। बाबा की याद में केक कटिंग के उपरान्त दादी मां के द्वारा सभी को दृष्टि एवं प्रसाद दिया गया।
अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी एवं डॉ ठाकुर ने कहा कि इन महान आत्माओं के समक्ष उनके सम्मान में बोलने के लिए उनके पास पर्याप्त शब्द नहीं है।उनका बदन पुर्णतः रोमांचित है। परमपिता से प्रार्थना करते हैं कि इन्हें निरोगी काया प्रदान कर मानव जीवन के उत्थान के लिए सदा प्रेरणा देते रहें । कार्यक्रम का सफल संचालन नेपाल विराटनगर के बी के बिनोद भाई के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बी के भाई, बहनों के अलावा विभिन्न संस्थाओं की महिला एवं पुरुष उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

