सड़क और नाला निर्माण कार्य का विधायक ने रखी आधारशिला
अररिया 11 मई(हि.स.)। फारबिसगंज नगर परिषद के गोढ़ियारी चौक से केशरी मोहल्ला पिंटू केशरी के गोदाम तक नाला और सड़क निर्माण कार्य का विधायक मनोज विश्वास ने सोमवार को आधारशिला रखा। करीबन 54 वर्षों के बाद नगर परिषद क्षेत्र में एक करोड़ 67 लाख 55 हजार 441 रूपये की लागत से बनने वाले सड़क के शिलान्यास कार्यक्रम में मौके पर नगर परिषद की मुख्य पार्षद वीणा देवी, उप मुख्य पार्षद नूतन भारती, पार्षद प्रतिनिधि अनुज कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के अंतर्गत सड़क और नाला निर्माण का कार्य कोशी कंस्ट्रक्शन की ओर से किया जाएगा।
मौके पर विधायक मनोज विश्वास ने कहा कि पांच दशक के बाद इस सड़क और नाला निर्माण कार्य से हजारों की आबादी को लाभ मिलेगा। यह इलाका जल जमाव की समस्या से अक्रांत रहता है और नाला निर्माण कार्य से जल निकासी की व्यवस्था सुदृढ़ हो जाएगी। साथ ही सड़क निर्माण कार्य से दलदल और कीचड़ युक्त सड़क से लोगों को निजात मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण से शहर के उत्तरी क्षेत्र के लोगों को बाजार की भीड़भाड़ से निजात मिलेगी और वह सीधे गोढ़ियारी चौक पर निकलकर पूर्वी इलाके की ओर आसानी से आवाजाही कर पाएंगे।
वहीं मुख्य पार्षद वीणा देवी ने नगर परिषद क्षेत्र की इस सड़क को जरूरत करार दिया और कहा कि सड़क निर्माण से बड़ी आबादी को फायदा मिलेगा। उन्होंने सड़क का नामकरण स्वतंत्रता सेनानी के नाम पर करने के लिए पहल करने की बात कही।
मौके पर विधायक मनोज विश्वास के अलावा नप की मुख्य पार्षद वीणा देवी, उप मुख्य पार्षद नूतन भारती, पार्षद बुलबुल यादव, पार्षद प्रतिनिधि अनुज सिंह, प्रदीप नारायण सिंह, विपिन चौधरी, कलानंद विश्वास, अमर कुमार, अरविंद थनदार, पुतुल राय, हीरानंद राय, संतोष मंडल ,मो.मुस्तफा, ललित विश्वास सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

