सड़क निर्माण में अनियमितता को लेकर ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
सड़क निर्माण में अनियमितता को लेकर ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन


अररिया 07 मार्च(हि.स.)। फारबिसगंज प्रखंड क्षेत्र के मझुआ पंचायत के बरेवा टोला वार्ड संख्या 7 में बन रही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण कार्य में कथित अनियमितता को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने शनिवार को जमकर विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने निर्माण स्थल पर नारेबाजी करते हुए कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए और संबंधित विभाग से जांच की मांग की।

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य में मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। सड़क के दोनों किनारों पर मिट्टी नहीं डाली जा रही है और न ही सही तरीके से पानी पटाया जा रहा है, जिससे सड़क की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि संवेदक द्वारा पूर्व से बनी पुरानी सड़क के ऊपर ही सीधे निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिससे नई सड़क की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह लापरवाही के साथ सड़क निर्माण किया गया तो कुछ ही समय में सड़क टूटने लगेगी और सरकार की योजना का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर और टिकाऊ सड़क उपलब्ध कराना है, लेकिन यहां हो रहा कार्य उस उद्देश्य के विपरीत दिखाई दे रहा है।

विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और उन्होंने निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कर दोषी संवेदक पर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि सड़क निर्माण में यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी पाई जाती है तो इसकी जानकारी संबंधित विभाग को देकर उचित कार्रवाई कराई जाएगी।ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य में सुधार नहीं किया गया तो वे आगे भी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story