पूर्व विधायक ने नितिन नवीन से की मुलाकात,सीमांचल के विकास व संगठनात्मक मुद्दों पर की चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
पूर्व विधायक ने नितिन नवीन से की मुलाकात,सीमांचल के विकास व संगठनात्मक मुद्दों पर की चर्चा


अररिया 07 अक्टूबर(हि.स.)। फारबिसगंज के पूर्व भाजपा विधायक विद्यासागर केसरी उर्फ मंचन केसरी ने पटना में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नितिन नवीन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अररिया जिले सहित सीमांचल की वर्तमान स्थिति, क्षेत्र की विकास संबंधी आवश्यकताओं तथा संगठन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की।

पूर्व विधायक विद्यासागर केसरी ने बताया कि मुलाकात के दौरान सीमांचल क्षेत्र में कथित घुसपैठ को लेकर उठ रही चिंताओं पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण अररिया सहित सीमांचल से जुड़े सुरक्षा एवं सामाजिक विषय महत्वपूर्ण हैं और इन पर निरंतर ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है।

उन्होंने बताया कि अररिया जिले में भाजपा के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा संगठन की गतिविधियों को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाने को लेकर भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ विचार-विमर्श हुआ। फारबिसगंज समेत जिले में संगठन की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्य योजनाओं पर भी चर्चा की गई।

केसरी ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं एवं विकास की प्राथमिकताओं से राष्ट्रीय अध्यक्ष को अवगत कराया। उन्होंने फारबिसगंज विधानसभा क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं को समय पर पूरा कराने के साथ क्षेत्र की जरूरत के अनुरूप नई योजनाओं को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर भी चर्चा की।उन्होंने कहा कि मुलाकात में क्षेत्र के विकास, जनसमस्याओं के समाधान और संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने जैसे विषय प्रमुख रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story