फारबिसगंज की अंजली ने एनपीटीईएल परीक्षा में ऑल इंडिया पर किया टॉप,शिक्षा मंत्रालय में मिलेगी तीन महीने की इंटर्नशिप
अररिया 02 नवम्बर(हि.स.)। फारबिसगंज हाई स्कूल रोड वार्ड संख्या 16 निवासी सुमन सोनी और रुक्मणी देवी की बेटी अंजली कुमारी सोनी ने नेशनल प्रोग्राम ऑन टेक्नोलॉजी एनहेंस्ड लर्निंग की परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर टॉप किया है।भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा वित्त पोषित प्रौद्योगिकी संवर्धित शिक्षा पर राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत एनपीटीईएल के रिसर्च राइटिंग कोर्स के चार सप्ताह के कोर्स उपरांत हुए ऑनलाइन परीक्षा आईआईटी मंडी और आईआईटी मद्रास की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित की गई थी,जिसमें देश के अलग अलग हिस्सों के 3193 परीक्षार्थी शामिल हुए थे।
अंजली सोनी ने 94 फीसदी अंक के साथ टॉप की है और भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के तीन महीने की इंटर्नशिप उन्हें मिलेगी।स्किल इंडिया के तहत आयोजित ऑनलाइन परीक्षा का सर्टिफिकेट आईआईटी मंडी के सेंटर फॉर कंटीन्यूइंग एजूकेशन के प्रो.तुषार जैन और आईआईटी मद्रास के एनपीटीईएल कॉर्डिनेटर प्रो.एंड्रयू थांगराज ने प्रदान किया।
अंजली की इस कामयाबी की जानकारी परिवार और चाहने वालों को मिली तो लोगों ने अंजली के साथ उनके माता पिता को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

