प्राइवेट स्कूल की मनमानी के खिलाफ दूसरे दिन भी जारी रहा आमरण अनशन

WhatsApp Channel Join Now
प्राइवेट स्कूल की मनमानी के खिलाफ दूसरे दिन भी जारी रहा आमरण अनशन


अररिया 09 अप्रैल(हि।स.)। प्राइवेट स्कूल की मनमानी और आर्थिक बोझ की समस्या के समाधान को लेकर विद्यार्थी परिषद के प्रांतीय सदस्य सह फारबिसगंज कॉलेज छात्र संघ अध्यक्ष सूरज चौधरी का आमरण अनशन गुरुवार काे दूसरे दिन भी जारी रहा। आंदोलन के चौबीस घंटे बीत जाने के बाद भी प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं किए जाने पर विभिन्न सामाजिक संगठनों में आक्रोश पनपने लगा है।

गुरुवार को श्री राम सेना के प्रदेश अध्यक्ष डिंपल चौधरी भी अपने समर्थकों के साथ अनशन स्थल पर पहुंचे। छात्र हितों के प्रति एकजुटता दिखाते हुए डिंपल चौधरी ने भी सूरज के समर्थन में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है।

डिंपल चौधरी ने कहा कि जब तक छात्र नेता सूरज चौधरी की जायज मांगें पूरी नहीं होतीं और प्रशासन नींद से नहीं जागता, तब तक यह भूख हड़ताल जारी रहेगी। छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।सूरज चौधरी की इस मुहिम को जन-आंदोलन का रूप दिया जाएगा।

आमरण स्थल पर पहुंचने वालों ने कहा कि एक छात्र का इतने घंटों से भूखा बैठना प्रशासन की संवेदनहीनता को दर्शाता है।अनशन के दूसरे दिन सूरज चौधरी के स्वास्थ्य में गिरावट दर्ज की गई है। चौबीस घंटे से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी अभी तक विश्वविद्यालय या जिला प्रशासन का कोई आधिकारिक प्रतिनिधि वार्ता के लिए नहीं पहुंचा है।

अभाविप कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो चक्का जाम और उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।

आंदोलन स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और बड़ी संख्या में छात्र शक्ति अपनी मांगों को लेकर डटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story