गैस की किल्लत के बीच वित्तीय सहायता से निकाले गए सैकड़ों ऑटो के साथ ड्राईवर ने किया प्रदर्शन
अररिया 31 मार्च(हि.स.)।फारबिसगंज रानीगंज रोड स्थित बजाज ऑटो शोरुम के सामने मंगलवार को जिले के विभिन्न इलाकों से सैकड़ों की संख्या में ऑटो के साथ ड्राईवर पहुंचकर प्रदर्शन किया। अररिया ऑटो ड्राईवर यूनियन के आह्वान पर मंगलवार को सभी ऑटो ड्राईवर ऑटो के साथ एजेंसी पहुंच कर प्रदर्शन किया।दरअसल एलपीजी गैस की किल्लत के कारण एलपीजी और पेट्रोल दोनों से संचालित ऑटो ड्राईवर को एलपीजी गैस नहीं मिल पा रही है,जिसके कारण उनके समक्ष रोजगार और आजीविका का संकट उत्पन्न हो गया है।
प्रदर्शन कर रहे ऑटो ड्राइवरों का कहना है कि सभी लोग अलग अलग वित्तीय संस्थाओं से फाइनेंस करवाकर जीविका के लिए ऑटो निकाला था।एलपीजी गैस से ऑटो चलाने पर मुनाफा है,जबकि पेट्रोल से ऑटो माइलेज नहीं देता है और यह नुकसान का सौदा साबित हो रहा है।इन सबके बीच फाइनेंस कंपनी के द्वारा किस्त के लिए मानसिक रूप से उनलोगों को प्रताड़ित किया जा रहा है,जिसको लेकर ऑटो के साथ वे एजेंसी के पास पहुंचे हैं,ताकि वह अपनी ऑटो जमा ले ले और भुगतान किया हुआ रकम उन्हें वापस कर दे।
प्रदर्शनकारी ड्राइवरों का कहना है कि उनलोगों को ऑटो एलपीजी गैस से संचालित और मुनाफा कहकर बिक्री को गई थी और जब आज एलपीजी गैस नहीं मिल रहा है तो उनके समक्ष भुखमरी की समस्या के साथ फाइनेंस कंपनी द्वारा किस्त चुकाने के लिए धमकी दिए जाने के कारण मानसिक तनाव के दौर से गुजरना पड़ रहा है।प्रदर्शनकारी ड्राइवरों ने एजेंसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। बाद में मौके एजेंसी संचालक के साथ बजाज ऑटो के सेल्स मैनेजर ने ऑटो ड्राइवरों से वार्ता की,जिसमें उन्होंने फाइनेंस कंपनी से किस्त भुगतान के लिए परेशान नहीं करने को लेकर अपनी ओर से गुहार लगाने को बात कही।
मामले को लेकर सेल्स मैनेजर अमित कुमार ने बताया कि गैस की किल्लत के कारण ऑटो ड्राइवरों को परेशानी हो रही है तत्काल उन लोगों को गाड़ी पेट्रोल से चलाने के लिए विनती की गई है।साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी की ओर से वित्तीय संस्थानों ईएमआई के लिए समस्या के समाधान तक तत्काल ऑटो मालिकों को परेशान नहीं करने के लिए गुहार लगाने की बात कही।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

