अवैध किराया वसूली के खिलाफ परिवहन विभाग की कार्रवाई,65 बसों की जांच में 28 बसों से 18 हजार 900 रूपये का जुर्माना की वसूली

WhatsApp Channel Join Now
अवैध किराया वसूली के खिलाफ परिवहन विभाग की कार्रवाई,65 बसों की जांच में 28 बसों से 18 हजार 900 रूपये का जुर्माना की वसूली


अररिया 04 सितम्बर(हि.स.)।

डीटीओ संजीव कुमार सज्जन के नेतृत्व में परिवहन विभाग की ओर से शुक्रवार को विभिन्न मार्गों एवं बस पड़ावों पर संचालित यात्री बसों का निरीक्षण किया गया।कार्रवाई के दौरान करीब 65 बसों की जांच की गई। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 28 बसों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 18 हजार 900 रूपये का जुर्माना वसूल किया गया।

औचक जांच के दौरान परिवहन विभाग की टीम द्वारा प्रत्येक बस में पॉइंट-टू-पॉइंट निर्धारित किराया सारणी के प्रदर्शन की जांच की गई। यह भी देखा गया कि किराया सारणी यात्रियों को स्पष्ट रूप से दिखाई देने वाले स्थान पर प्रदर्शित है या नहीं।इसके साथ ही बस में सफर कर रहे यात्रियों से सीधे पूछताछ कर उनसे लिए जा रहे किराये की जानकारी प्राप्त की गई तथा यह सत्यापित किया गया कि यात्रियों से निर्धारित किराया ही लिया जा रहा है अथवा नहीं।

जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा पूर्व में ही सभी बस स्वामियों एवं संचालकों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिया जा चुका है कि सरकार द्वारा निर्धारित किराया से अधिक राशि किसी भी परिस्थिति में यात्रियों से नहीं ली जाए तथा प्रत्येक बस में निर्धारित पॉइंट-टू-पॉइंट किराया सारणी अनिवार्य रूप से प्रदर्शित की जाए।

जिला परिवहन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई किसी एक दिन तक सीमित नहीं है। जिले के विभिन्न मार्गों एवं बस पड़ावों पर लगातार औचक जांच की जाएगी। परिवहन विभाग की टीम द्वारा बिना पूर्व सूचना के बसों का निरीक्षण किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story