डीएम और एसपी ने मुहर्रम को लेकर फारबिसगंज के अखाड़ा प्रमुख और प्रबुद्धजनों के साथ की मीटिंग

WhatsApp Channel Join Now
डीएम और एसपी ने मुहर्रम को लेकर फारबिसगंज के अखाड़ा प्रमुख और प्रबुद्धजनों के साथ की मीटिंग


अररिया 24 जून(हि.स.)।

डीएम विनोद दूहन और एसपी जितेन्द्र कुमार ने मुहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण के उद्देश्य से अखाड़ा प्रमुख और सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं प्रबुद्धजनों के साथ बैठक की।

बैठक में ताजिया जुलूसों, अखाड़ों तथा अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के शांतिपूर्ण संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जुलूस मार्गों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, यातायात प्रबंधन तथा सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित विषयों पर चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा गया कि किसी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा असामाजिक गतिविधियों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी तथा विधि-व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी सामाजिक एवं प्रबुद्धजनों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शांति एवं सद्भाव का वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा सूचना की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें।

बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु जिला प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story