आयुष्मान योजना के तहत अस्पताल सूचीबद्धता की समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
आयुष्मान योजना के तहत अस्पताल सूचीबद्धता की समीक्षा


अररिया 30 मार्च(हि.स.)। समाहरणालय अररिया स्थित कार्यालय कक्ष में डीएम विनोद दूहन की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति के शासी निकाय एवं आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना अंतर्गत अस्पतालों की सूचीबद्धता को लेकर डिस्ट्रिक्ट एम्पैनलमेंट कमेटी की बैठक सोमवार को हुई।

बैठक में जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने तथा पात्र लाभुकों तक योजनाओं का समुचित लाभ पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा की गई।जिला पदाधिकारी द्वारा आयुष्मान भारत योजना के तहत अधिक से अधिक सरकारी एवं निजी अस्पतालों को सूचीबद्ध करने पर बल दिया, ताकि जरूरतमंद मरीजों को बेहतर और निःशुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सूचीबद्धता की प्रक्रिया को पारदर्शी, त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए।

बैठक में सिविल सर्जन डॉ. के.के. कश्यप ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की वर्तमान स्थिति एवं आयुष्मान योजना के क्रियान्वयन की प्रगति से अवगत कराया। वहीं जिला स्वास्थ्य प्रबंधक संतोष कुमार ने अस्पतालों के चयन, मानकों के अनुपालन तथा तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना जाना है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story