डीएम जनता दरबार में 38 मामलों पर सुनवाई

WhatsApp Channel Join Now
डीएम जनता दरबार में 38 मामलों पर सुनवाई


अररिया, 20 अप्रैल(हि.स.)। समाहरणालय स्थित परमान सभागार में डीएम विनोद दूहन के जनता दरबार में 38 शिकायतों पर सुनवाई हुई।डीएम ने शिकायत पर संबंधित अधिकारियों को त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए।

जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। मो. इमरान ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा हटाने की मांग की। वहीं विनोद यादव द्वारा केवाला द्वारा प्राप्त जमीन पर जबरन दखल कब्जा किए जाने की शिकायत की गई। नूर मोहम्मद ने पुलिस की निगरानी में घर निर्माण कराने की मांग रखी।

शिक्षा से जुड़े मामले में उपेंद्र यादव, सुबोध यादव एवं विनोद यादव ने राम रामानुग्रह उच्च विद्यालय, हांसा कमालपुर में बच्चों के नामांकन को लेकर समस्या रखी। वहीं मसरूर आलम ने बिजली बिल माफी से संबंधित आवेदन दिया। इसके अलावा वीरेंद्र यादव सहित अन्य ग्रामीणों ने मध्य विद्यालय कुपारी के शिक्षक अनमोल कुमार को पुनः उसी विद्यालय में पदस्थापित करने की मांग की।

जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक जांच कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story