नशे के खिलाफ प्रशासन सख्त, संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी और निगरानी बढ़ाने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
नशे के खिलाफ प्रशासन सख्त, संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी और निगरानी बढ़ाने के निर्देश


अररिया 28 अगस्त(हि.स.)।

जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार एवं नशे की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने को लेकर डीएम विनोद दूहन एवं एसपी जितेन्द्र कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में नर्कों कोऑर्डिनेशन सेंटर एवं भारत-नेपाल सीमा से जुड़े मुद्दों को लेकर विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

एनकोर्ड की बैठक में डीएम ने जिला औषधि निरीक्षक को एसएसबी, पुलिस एवं मद्यनिषेध विभाग से समन्वय स्थापित कर औषधि केंद्रों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया। बैठक में बताया गया कि चिन्हित किए गए स्थान सोनापुर एवं सिकटी में सीसीटीवी लगा दिया गया है।

जिलाधिकारी ने जिले की सभी सुरक्षा एजेंसियों को नशे के विरुद्ध प्रचार-प्रसार एवं कार्रवाई में व्यापक रूप से आपसी सहयोग करने का निर्देश दिया गया। वहीं पुलिस विभाग को नशीले पदार्थ आदि से जुड़े मामलों में गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध ससमय अनुसंधान पूरा कर न्यायालय में अंतिम आरोप पत्र समर्पित करने निर्देश दिए गए।

पंचायती राज पदाधिकारी एवं जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को पंचायत स्तर पर पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से नशीले पदार्थों के विरुद्ध व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी को स्कूलों की उच्च कक्षाओं में पढ़ने वाले बच्चों पर विशेष निगरानी रखने, सामाजिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग माध्यम से फारबिसगंज अनुमंडल के अंतर्गत नशा मुक्ति केंद्र स्थापित करने के लिए आवश्यक प्रयास करने का निर्देश दिया, ताकि नशे के आदी व्यक्तियों को उपचार एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा सके।

भारत-नेपाल सीमा से संबंधित बैठक में विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर अंतर-विभागीय समन्वय, सूचनाओं के आदान-प्रदान तथा निर्देशों के प्रभावी अनुपालन पर विशेष दिशा निर्देश दिए। सीमावर्ती क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए बैठक में सुरक्षा, सीमा प्रबंधन, परिवहन, वाणिज्यकर, सीमा शुल्क, स्वास्थ्य, शिक्षा, आपदा प्रबंधन, बैंकिंग, औषधि नियंत्रण, आयकर, निबंधन तथा अन्य संबंधित विषयों पर भी आवश्यक विचार-विमर्श किया गया।

जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सीमावर्ती क्षेत्र से जुड़े मामलों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story