डीएम के औचक निरीक्षण में नौ कर्मी पाए गए अनुपस्थित, पूछा स्पष्टीकरण

WhatsApp Channel Join Now
डीएम के औचक निरीक्षण में नौ कर्मी पाए गए अनुपस्थित, पूछा स्पष्टीकरण


अररिया 27 अप्रैल(हि.स.)। अररिया के जिलाधिकारी इन दिनों सरकारी सिस्टम में सुधार को लेकर लगातार प्रयासरत हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी विनोद दूहन ने सोमवार को समाहरणालय परिसर स्थित पारगमन प्रशाखा, स्थापना प्रशाखा, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, अभिलेखागार तथा बैंकिंग प्रशाखा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालयों में उपस्थिति पंजी, बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली की विस्तृत जांच की गई।

जिलाधिकारी के जांच के क्रम में पारगमन प्रशाखा से एक, स्थापना प्रशाखा से तीन, बैंकिंग प्रशाखा से एक तथा सामाजिक सुरक्षा कोषांग से एक कर्मी अनुपस्थित पाए गए। वहीं दो कर्मी बिना अवकाश स्वीकृत कराए हुए अवकाश पर थे। वहीं अभिलेखागार से एक कर्मी बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने के बावजूद अनुपस्थित मिले। सभी संबंधित कर्मियों से जिलाधिकारी द्वारा स्पष्टीकरण की मांग की गई है।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि कार्यालय में समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा बायोमेट्रिक प्रणाली का शत-प्रतिशत अनुपालन किया जाए।

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कार्यालय कार्यों के समयबद्ध निष्पादन में किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी प्रशाखाओं को निर्देशित किया गया कि कर्मियों की उपस्थित बायोमेट्रिक माध्यम से शत प्रतिशत सुनिश्चित करते हुए जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें तथा आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story