पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों में शिविर आयोजित,डीएम ने शिविर का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों में शिविर आयोजित,डीएम ने शिविर का किया निरीक्षण


अररिया 01 सितम्बर(हि.स.)। जिले के 12 पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्रों के 11 वार्डों में सहयोग शिविर का आयोजन मंगलवार को किया गया।डीएम विनोद दूहन ने नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 5 स्थित ईदगाह मैदान, रजोखर में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया।

उन्होंने शिविर में उपस्थित आम नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों की जानकारी ली तथा संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर डीएम ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजनों की समस्याओं का प्रभावी तरीके से समाधान उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायतों का पंजीकरण सहयोग पोर्टल पर किया जा रहा है, जिससे मामलों के निष्पादन की निगरानी एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर निर्धारित समय-सीमा में मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करें। साथ ही पात्र लाभुकों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन देने को कहा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story