जोकीहाट में डीएम ने धान की फसल एवं संभावित उपज का लिया जायजा
अररिया 14 नवम्बर(हि.स.)। जिलाधिकारी विनोद दूहन ने क्षेत्र भ्रमण के क्रम में शनिवार को जोकीहाट में खेतों में पहुंचकर धान की फसल की स्थिति का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने खेतों में लगी धान की फसल का निरीक्षण करते हुए फसल की वर्तमान स्थिति, उत्पादन की संभावनाओं एवं किसानों की कृषि गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने स्थानीय किसानों से सीधे संवाद किया तथा धान की खेती, फसल की गुणवत्ता, संभावित उपज और खेती के दौरान आने वाली समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
उन्होंने किसानों से आगामी रबी फसल की तैयारी एवं खेती-किसानी से जुड़ी अन्य आवश्यकताओं के संबंध में भी चर्चा की।
इस दौरान किसानों ने अपने अनुभव एवं सुझाव जिलाधिकारी के साथ साझा किए। जिलाधिकारी ने किसानों की बातों को गंभीरता से सुना तथा कृषि क्षेत्र में हो रही गतिविधियों की जानकारी ली।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

