शिकायतों के निबटारे को लेकर अररिया में पहला सहयोग शिविर 19 मई को

WhatsApp Channel Join Now
शिकायतों के निबटारे को लेकर अररिया में पहला सहयोग शिविर 19 मई को


अररिया 06 मई(हि.स.)। डीएम विनोद दूहन ने मीडिया प्रतिनिधियों के साथ 19 मई को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर तथा जिले में एलपीजी आपूर्ति की स्थिति को लेकर आज जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने बताया कि जन शिकायतों के सरल, सुलभ एवं प्रभावी निवारण के उद्देश्य से जिले के सभी पंचायतों में पंचायतवार सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। ये शिविर प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को आयोजित होंगे।उन्होंने कहा कि शिविरों के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। शिविर से पूर्व ही आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं, जिन्हें प्रखंड कार्यालय अथवा पंचायत कर्मियों के माध्यम से जमा किया जा सकता है।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी आवेदनों और शिकायतों का अनिवार्य रूप से पंजीकरण किया जाएगा और उनका निपटारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निष्पादन के लिए शिविर संवाद समाधान पोर्टल का उपयोग किया जाएगा, जिससे पारदर्शिता और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। साथ ही सभी शिकायतों की निगरानी के लिए रियल टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम विकसित किया गया है, जिसकी निगरानी के लिए नोडल पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है।शिविरों में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी आमजनों को दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि 19 मई को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर डुमरिया कुर्साकांटा, आमगाछी सिकटी, बेलसरा रानीगंज, कुशमौल भरगामा, साहसमल अररिया, बथनाहा फारबिसगंज, बलुआ कलियागंज पलासी, तरौना भोजपुर अररिया, भगवानपुर जोकीहाट, हाँसा

रानीगंज, सहवाजपुर फारबिसगंज एवं बेला पंचायत नरपतगंज प्रखंड में निर्धारित हैं।

डीएम ने गैस आपूर्ति को लेकर भी जानकारी देते हुए स्थिति सामान्य बताया।उन्होंने बताया कि जिले में प्रतिदिन औसतन 6067 सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है, जबकि 5 मई को 7739 सिलेंडरों की आपूर्ति की गई। वर्तमान में 14.2 किलोग्राम के 11,310 सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध हैं।

शादी-विवाह एवं अन्य आयोजनों के लिए व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति हेतु भी विशेष व्यवस्था की गई है। इसके तहत अब तक 2161 व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति की स्वीकृति दी गई है, जिनमें से 1430 सिलेंडरों की आपूर्ति की जा चुकी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story