डीएम ने किसानों से प्राकृतिक एवं जैविक खेती के साथ समेकित कृषि प्रणाली अपनाने की अपील की

WhatsApp Channel Join Now
डीएम ने किसानों से प्राकृतिक एवं जैविक खेती के साथ समेकित कृषि प्रणाली अपनाने की अपील की


अररिया 23 नवम्बर(हि.स.)। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत खेती पद्धतियों एवं कृषि आधारित स्वरोजगार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को आत्मा के तत्वावधान में जिला स्तरीय दो दिवसीय किसान मेला सह कृषि प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। मेला का शुभारंभ डीएम विनोद दूहन एवं जिला परिषद अध्यक्ष आफताब अजीम द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी विनोद दूहन ने किसानों से प्राकृतिक खेती एवं जैविक खेती को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेती को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाने के लिए रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करते हुए प्राकृतिक एवं जैविक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने किसानों को कृषि के साथ गोपालन एवं पशुपालन को भी अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही पशुओं का बीमा कराने की सलाह देते हुए कहा कि इससे पशुपालकों को आकस्मिक आर्थिक नुकसान से सुरक्षा मिल सकती है।

जिलाधिकारी ने कृषि प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न विभागीय एवं कृषि आधारित स्टॉलों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से समेकित खेती प्रणाली अपनाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि फसल उत्पादन के साथ पशुपालन, मत्स्य पालन एवं अन्य कृषि आधारित गतिविधियों को जोड़कर किसान अपनी आमदनी के स्रोत बढ़ा सकते हैं।

इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी ने कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। वहीं सिंचाई अनुसंधान केंद्र के वैज्ञानिक ने रबी मक्का की उन्नत उत्पादन तकनीक, वैज्ञानिक तरीके से खेती एवं बेहतर पैदावार प्राप्त करने के संबंध में किसानों को विस्तार से जानकारी दी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781886 Articles

Share this story