डीएम ने लापरवाह पांच राजस्व कर्मचारियों के खिलाफ की कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
डीएम ने लापरवाह पांच राजस्व कर्मचारियों के खिलाफ की कार्रवाई


अररिया 02 जुलाई(हि.स.)। जिलाधिकारी विनोद दूहन ने गुरुवार को जिले के पांच राजस्व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की।

डीएम विनोद दूहन के निर्देश पर राजस्व प्रशासन में अनियमितता एवं कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई है।

विभिन्न मामलों की जांच एवं प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर पांच राजस्व कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही प्रारंभ करते हुए आरोप पत्र गठित किया गया है।

विभागीय कार्रवाई के तहत अररिया अंचल कार्यालय के पवन कुमार पंडित,नरपतगंज अंचल कार्यालय की रेणु कुमारी पर जमाबंदी में छेड़छाड़ करने का आरोप है।

वहीं आय से अधिक संपत्ति मामले में नरपतगंज के राजस्व कर्मचारी जितेन्द्र कुमार पर भी कार्रवाई की गई है।

फारबिसगंज के राजस्व कर्मचारी विकास कुमार पर नामांतरण एवं कंप्यूटरीकृत परिमार्जन, इत्यादि के मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने के आरोप में कार्रवाई की गई है।

वहीं फारबिसगंज अंचल कार्यालय के ही राजेश कुमार शशि पर भी नामांतरण एवं कंप्यूटरीकृत परिमार्जन के मामलों को लंबित रखने का आरोप है।

डीएम विनोद दूहन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्यों में अनियमितता, भ्रष्टाचार अथवा लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। आम नागरिकों को समयबद्ध एवं पारदर्शी राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्य नहीं करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मी के विरुद्ध साक्ष्य के आधार पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story