जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में गश्ती बढ़ाने और सतर्क रहने की सख्त हिदायत

WhatsApp Channel Join Now
जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में गश्ती बढ़ाने और सतर्क रहने की सख्त हिदायत


अररिया 18 मार्च(हि.स.)। डीएम विनोद दूहन की अध्यक्षता में परमान सभागार में बुधवार को जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 20 मार्च एवं 21 मार्च को मनाए जाने वाले ईद-उल-फितर तथा 27 मार्च को आयोजित होने वाले रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में जिला पदाधिकारी ने विधि-व्यवस्था के संधारण को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। साथ ही उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों को संयुक्त रूप से गश्ती बढ़ाने एवं सतर्क रहने का निर्देश दिया।

शांति समिति के सदस्यों एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए। सदस्यों ने आपसी भाईचारा बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेशों के प्रसार को रोकने पर विशेष बल दिया। साथ ही आम नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।

बैठक में बताया गया कि पर्व के दौरान डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अतिरिक्त जुलूस मार्गों सत्यापन पूर्व में करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के आलाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story