डीएम की अगुवाई में योग दिवस पर कार्यक्रम आयोजित,स्वास्थ्य और अनुशासन का दिया संदेश

WhatsApp Channel Join Now
डीएम की अगुवाई में योग दिवस पर कार्यक्रम आयोजित,स्वास्थ्य और अनुशासन का दिया संदेश


अररिया 21 जून(हि.स.)।

फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से खेल भवन में रविवार को योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम योगा फॉर हेल्दी एजिंग रही, जिसके माध्यम से स्वस्थ, सक्रिय एवं संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में डीएम विनोद दूहन की अगुवाई में पदाधिकारियों, प्रबुद्ध जनों, तथा युवाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर आयोजित सामूहिक योग सत्र में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को नियमित योग के महत्व तथा इसके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों की जानकारी दी।

मौके पर विनोद दूहन ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य विरासत है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाती है। उन्होंने कहा कि योग केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ और अनुशासित जीवन जीने की एक सतत प्रक्रिया है। नियमित योगाभ्यास से तनाव में कमी आती है, कार्यक्षमता बढ़ती है तथा जीवन में सकारात्मकता का संचार होता है।

उन्होंने डेली रूटीन में योग को शामिल करने साथ-साथ जिला वासियों एवं विशेष रूप से जिले के युवाओं से अपील करते हुए कहा कि नशे की कुरीति से दूर रहें और योग से जुड़कर अररिया जिला को नशा मुक्त बनाने की अपील की।

योग कार्यक्रम में जिले के सभी विभागों के अधिकारी शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story