डीडीसी ने की मनरेगा योजनाओं की समीक्षा, मानव दिवस सृजन एवं वृक्षारोपण अभियान को लेकर निर्देश
अररिया 02 जून(हि.स.)।
डीडीसी रोजी कुमारी की अध्यक्षता में अररिया, फारबिसगंज, रानीगंज एवं जोकीहाट प्रखंड के मनरेगा कनीय अभियंताओं, पंचायत तकनीकी सहायकों एवं पंचायत रोजगार सेवकों के साथ मनरेगा योजनाओं की गहन समीक्षा बैठक मंगलवार को आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न पंचायतों में संचालित मनरेगा योजनाओं की प्रगति, मानव दिवस सृजन, ई-केवाईसी की स्थिति तथा अपूर्ण योजनाओं की समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य विकासात्मक योजनाओं में अधिकाधिक मानव दिवस का सृजन सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीण श्रमिकों को अधिक रोजगार उपलब्ध हो सके।उन्होंने मनरेगा जॉब कार्डधारकों का ई-केवाईसी कार्य शीघ्र पूर्ण करने तथा लंबित एवं अपूर्ण योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर भी विशेष बल दिया गया।
बैठक में आगामी 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सभी पंचायतों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। उप विकास आयुक्त ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से पंचायत स्तर पर अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएं तथा उनके संरक्षण की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बैठक में जिला स्तर से निदेशक, एनईपी, कार्यपालक अभियंता, जिला अंकेक्षक, प्रबंधक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

