वन्दे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
अररिया 25 मार्च(हि.स.)। जिला प्रशासन की ओर से आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र में राष्ट्रगीत वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के मौके पर बुधवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सान्याल कुमार उपस्थिति रहे। इस अवसर पर बिहार के सुप्रसिद्ध लोकगायक अमर आनंद सहित दीपेश कुमार सिंह, पूजन प्रिया, विष्णु प्रिया, अक्षत नयन तथा अररिया कला केंद्र के कलाकारों एवं यूनिकॉड म्यूजिक एंड डांस अकादमी के बाल कलाकारों द्वारा उत्कृष्ट एवं मनोहारी प्रस्तुतियां दी, जिनसे समूचा वातावरण राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो उठा।
संगीत संयोजन में मनी भूषण भारद्वाज का उल्लेखनीय योगदान रहा, वहीं तबला वादन में धीरज कुमार सिंह द्वारा प्रभावशाली संगत प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम का संचालन एवं उद्घोषणा नरसिंह नयन द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम् के ऐतिहासिक महत्व एवं राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य पर प्रकाश डाला गया। समापन अवसर पर सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया गया, जिससे सम्पूर्ण सभागार राष्ट्रप्रेम की भावनाओं से गुंजायमान हो उठा।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

