सेवा संकल्प अभियान को लेकर भाजपा की कार्यशाला,मंत्री दिलीप जायसवाल और प्रदेश उपाध्यक्ष ने लिया भाग

WhatsApp Channel Join Now
सेवा संकल्प अभियान को लेकर भाजपा की कार्यशाला,मंत्री दिलीप जायसवाल और प्रदेश उपाध्यक्ष ने लिया भाग


अररिया 03 सितम्बर(हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में आयोजित किए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को अररिया जिला भाजपा कार्यालय में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे देश में विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से आयोजित किया जाएगा।

कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने की, जबकि मंच संचालन जिला भाजपा महामंत्री कृष्ण कुमार सेनानी ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार सरकार के भूमि एवं राजस्व मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल तथा नवनियुक्त विधान पार्षद सह भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल कुमार ठाकुर उपस्थित रहे।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता का प्रेरणादायी उदाहरण है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचकर सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों को गति देंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप देने का आह्वान किया।

जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने कहा कि पार्टी के निर्देशानुसार पूरे एक माह तक जिले के विभिन्न मंडलों एवं बूथ स्तर तक विविध सेवा आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा,अनुशासन एवं समर्पण के साथ जुटने की अपील की।

कार्यक्रम में नवनियुक्त विधान पार्षद एवं प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल कुमार ठाकुर ने भी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए सेवा संकल्प अभियान को संगठन की मजबूती और समाज के बीच भाजपा की सेवा भावना को और सशक्त करने वाला अभियान बताया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story