जांच एवं उपचार चिकित्सा आपके द्वार का हुआ शुभारम्भ

WhatsApp Channel Join Now
जांच एवं उपचार चिकित्सा आपके द्वार का हुआ शुभारम्भ


अररिया 02 सितम्बर(हि.स.)।

स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के घर तक पहुंचाने की दिशा में अररिया जिले में पूर्व से संचालित जांच एवं उपचार–चिकित्सा आपके द्वार कार्यक्रम को अब राज्यव्यापी अभियान का रूप दे दिया गया है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा बुधवार को इस विशेष अभियान का राज्य स्तर पर शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत अब बिहार के सभी जिलों में स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग, आवश्यक जांच, निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श, उपचार एवं फॉलो-अप की सुविधा उपलब्ध कराएंगी।अभियान 02 सितंबर से 30 नवंबर तक तीन महीने की अवधि में संचालित किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराना तथा लोगों को गंभीर बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करना है।

अभियान के तहत स्वास्थ्य टीमों द्वारा मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मुंह का कैंसर, स्तन कैंसर, गर्भाशय ग्रीवा कैंसर, हृदय रोग, नॉन-अल्कोहलिक फैटी लीवर डिजीज एवं क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज सहित विभिन्न बीमारियों की स्क्रीनिंग एवं आवश्यक जांच की जाएगी। जांच के बाद जरूरत के अनुसार उपचार और मरीजों का फॉलो-अप भी सुनिश्चित किया जाएगा।

अभियान के राज्यव्यापी शुभारंभ के अवसर पर समाहरणालय के परमान सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया।जिसमें डीएम विनोद दूहन, जिला परिषद अध्यक्ष आफताब अजीम पप्पू, सिविल सर्जन अररिया सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य स्तरीय कार्यक्रम से जुड़े।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी विनोद दूहन ने कहा कि जांच एवं उपचार–चिकित्सा आपके द्वार की अवधारणा मार्च 2026 में तैयार की गई थी, जिसे अप्रैल 2026 में अररिया जिले में धरातल पर उतारा गया। इस पहल को लगातार सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई। इसके तहत जिले की प्रत्येक पंचायत, प्रत्येक गांव और प्रत्येक घर तक स्वास्थ्य टीम द्वारा उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मुंह के कैंसर, स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर सहित विभिन्न बीमारियों की स्क्रीनिंग एवं जांच कराई गई। लोगों से मिल रहे बेहतर फीडबैक को देखते हुए अभियान में मोतियाबिंद की जांच एवं उपचार को भी शामिल किया गया।

उन्होंने कहा कि आज का दिन अत्यंत संतुष्टि और हर्ष का विषय है कि अररिया में सफलतापूर्वक संचालित यह पहल अब पूरे बिहार में लागू की जा रही है। उन्होंने बताया कि अररिया जिले में अब तक 8,41,054 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। इनमें उच्च रक्तचाप के 7,834 मरीजों की दवा शुरू की गई है, जबकि मधुमेह के 6,363 मरीजों का उपचार शुरू हो चुका है।उन्होंने बताया कि स्क्रीनिंग के दौरान मुंह के कैंसर के 9,143 संदिग्ध मामले सामने आए हैं, जिनकी बायोप्सी एवं आगे की जांच की रिपोर्ट प्राप्त होनी शेष है। इसी प्रकार स्तन कैंसर के 1,206 तथा सर्वाइकल कैंसर के 120 संदिग्ध मामले सामने आए हैं। एनीमिया के 1,042 मामले चिह्नित किए गए हैं, जिनके उपचार के लिए दवाएं शुरू कर दी गई हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में मोतियाबिंद के 610 मामले सामने आए, जिनमें से 500 से अधिक मरीजों का सफल ऑपरेशन कराया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि जांच एवं उपचार–चिकित्सा आपके द्वार कार्यक्रम को अररिया जिले के लिए शुरू किया गया था, जिसे अब पूरे बिहार में चलाया जाएगा।

अररिया मॉडल से मिली प्रेरणा और जिले में इस कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के अनुभव को राज्य स्तर पर विस्तार दिया जाना अररिया के लिए गर्व और हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा कि इस पहल से स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के घर तक पहुंचाने, बीमारियों की समय पर पहचान करने तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story