20 लाख रंगदारी नहीं देने पर दबंगों ने तोड़ी चारदीवारी, जान से मारने की धमकी
भागलपुर, 11 मई (हि.स.)। जिले के औद्योगिक प्रक्षेत्र थाना क्षेत्र स्थित बसंत विहार कॉलोनी में जमीन विवाद का मामला प्रकाश में आया है। जीरो माइल निवासी पारस तांती ने आरोप लगाया है कि जमीन खरीदकर मकान निर्माण शुरू करते ही दबंगों ने 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और विरोध करने पर मारपीट कर बाउंड्री तोड़ दी। पीड़ित के अनुसार उन्होंने पटेल बाबू रोड निवासी विद्या साहा से 625 वर्ग फीट जमीन खरीदी थी।
आरोप है कि 5 अप्रैल को सुबोध पासवान, नितेश यादव समेत कई लोग हथियार लेकर पहुंचे और धमकी दी कि रंगदारी दो, नहीं तो घर नहीं बनने देंगे। पारस तांती का कहना है कि पैसे देने से इनकार करने पर उनके साथ मारपीट की गई और जमीन पर बनाई गई बाउंड्री को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। वहीं जमीन विक्रेता विद्या साहा ने भी दबंगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
उन्होंने कहा कि आरोपियों ने जमीन पर मिट्टी गिराकर कब्जा करने की कोशिश की और धमकी दी कि यह जमीन किसी और को नहीं लेने देंगे। पीड़ितों का आरोप है कि थाना में शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद उन्होंने सोमवार को आरक्षी महानिरीक्षक और वरीय पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

