लापता बेटी के बरामदगी के लिए थाने में दिया आवेदन
भागलपुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। जिले के सबौर थाना क्षेत्र से एक विवाहिता के लापता होने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता के पिता ने सोमवार को थाना में आवेदन देकर अपनी पुत्री फरहा खातून की तलाश और ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, फरहा खातून की शादी वर्ष 2019 में सनोखर थाना क्षेत्र के वंशीटिकर निवासी मो. अनवर के पुत्र मो. मुन्ना के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दो लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित किया जा रहा था। मारपीट और मानसिक उत्पीड़न के भी आरोप लगाए गए हैं।
परिजन का कहना है कि 7 अप्रैल 2026 को फरहा खातून को उसके बच्चों से अलग कर घर से निकाल दिया गया। इसके बाद 15 अप्रैल को मो. मुन्ना द्वारा फोन कर सूचना दी गई कि उनकी पत्नी कहीं चली गई है। जब परिजन ससुराल पहुंचे तो उनके साथ कथित रूप से गाली-गलौज और मारपीट की गई। पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि जब वे सबौर थाना पहुंचे तो वहां से भी उन्हें सहयोग नहीं मिला बल्कि धमकी देकर भगा दिया गया।
परिजन ने आशंका जताई है कि फरहा खातून के साथ कोई अनहोनी हो सकती है। फिलहाल पुलिस से मामले की जांच कर जल्द से जल्द महिला को बरामद करने की मांग की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

