13 साल के मासूम के ऊपर चढ़ी बस से बायां पैर का निचला हिस्सा काटा गया

WhatsApp Channel Join Now
13 साल के मासूम के ऊपर चढ़ी बस से बायां पैर का निचला हिस्सा काटा गया


अररिया 18 नवम्बर(हि.स.)।

फारबिसगंज के गोढ़ियारे चौक के पास 6 नवम्बर की संध्या साढ़े सात बजे अग्रवाल बस से 13 साल के बालक अंश कुमार पिता राजकुमार साह घायल हो गया था।बस चालक की लापरवाही के कारण ड्राइवर साइड से दाहिना चक्का उनके बाएं पैर पर चढ़ गया था।जिससे उसका पैर बुरी तरह जख्मी हो गया था और अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज के बाद पूर्णिया रेफर होने पर हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ एस.के.आनंद के सलाह पर हवाई मार्ग से उन्हें तमिलनाडु के कोयंबटूर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।

जहां उनके बाएं पैर के पांचों अंगुली सहित तलवा को काट दिया गया।घटना के 12 दिनों के बाद घायल बालक के नाना गोढीयारे चौक वार्ड संख्या 18 निवासी 60 वर्षीय नंदकिशोर साह पिता स्व.नारायण साह ने फारबिसगंज थाना में आवेदन देकर कांड दर्ज करवाया है।उन्होंने नाती के इलाज में व्यस्तता के कारण देरी से कांड दर्ज करने के लिए आवेदन दिए जाने की बात कही।आवेदन में उन्होंने बताया कि घटना के दिन घटनास्थल पर बस को लोगों ने रोका था,लेकिन बस मालिक और स्थानीय कार्तिक सिंह के पहल और इलाज का खर्च वहन करने के आश्वासन के बाद बस को मुक्त कर दिया गया था।लेकिन घटना के इतने दिन बाद बस मालिक के द्वारा इलाज का खर्च वहन करने के अपने वायदे से मुकरने पर कांड दर्ज करवाने को विवश होने की बात कही गई।

उन्होंने अग्रवाल बस संख्या बीआर38पी 0105 के ड्राइवर पर लापरवाही के कारण हादसे होने की बात करते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।मामले को लेकर फारबिसगंज थाना में कांड संख्या 241/26 बीएनएस के विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। मामले पर फारबिसगंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि कांड दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।मामले पर समुचित कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779350 Articles

Share this story