अनुपा ने बिहार में तीसरा व जिले में पहला स्थान किया हासिल

WhatsApp Channel Join Now
अनुपा ने बिहार में तीसरा व जिले में पहला स्थान किया हासिल


बक्सर, 29 मार्च (हि.स.)। जिले की होनहार छात्रा अनुपा कुमारी ने बिहार मैट्रिक परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर पूरे प्रदेश में जिले का नाम रोशन किया है। राजपुर प्रखंड के खरहना गांव की निवासी अनुपा ने 489 अंक (97.6 प्रतिशत) प्राप्त कर बिहार में तीसरा स्थान हासिल किया, वहीं बक्सर जिले में वह प्रथम स्थान पर रहीं।

अनुपा किसान नित्यानंद यादव और गृहिणी निर्मला देवी की पुत्री हैं। चार भाई-बहनों में दूसरे स्थान पर रहने वाली अनुपा ने उच्च माध्यमिक विद्यालय, खरहना से अपनी पढ़ाई पूरी की। बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रही अनुपा ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया।

उनकी इस सफलता के पीछे उनके माता-पिता का बड़ा योगदान रहा है, जिन्होंने आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद उनकी पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। अनुपा ने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता, दादा भरत सिंह और स्कूल के शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है।

परिवार में खुशी का माहौल है और गांव में भी जश्न का माहौल देखा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा

Share this story