अतिक्रमण हटाओ अभियान में दुकानदारों से वसूला गया जुर्माना
भागलपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। शहर के दक्षिणी क्षेत्र स्थित मिरजानहाट चौक पर नगर निगम की ओर से सोमवार को अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते ने सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से दुकान लगाने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उनसे जुर्माना वसूला। अतिक्रमण प्रभारी मनोज कुमार के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई से क्षेत्र के अतिक्रमणकारी दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
निगम की टीम ने मौके पर मौजूद सभी दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि वे भविष्य में दोबारा सड़क या सार्वजनिक जगहों पर अतिक्रमण न करें। अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि आगे भी सड़क पर कब्जा कर दुकान लगाई गई, तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ और अधिक कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर की मुख्य सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखना और आम राहगीरों को रोजाना होने वाले जाम व आवागमन की परेशानियों से राहत दिलाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

