47 बिहार बटालियन एनसीसी का 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर महिला आईटीआई, बरारी में शुरू
भागलपुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। 47 बिहार बटालियन एनसीसी, भागलपुर के तत्वावधान में 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का विधिवत शुभारंभ महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान कॉलेज, बरारी में हुआ।
24 अक्टूबर से 02 नवंबर तक चलने वाले इस विशेष बालिका शिविर में क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों की 500 से अधिक कैडेट्स हिस्सा ले रही हैं। महिला आईटीआई कॉलेज परिसर में पहली बार इस तरह के भव्य एनसीसी कैंप का आयोजन किया जा रहा है। शिविर के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कैंप कमांडेंट कर्नल जितेंद्र सिंह राना ने सभी बालिका कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया और उनके उच्च मनोबल की प्रशंसा की।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा, यह प्रशिक्षण शिविर केवल शारीरिक अभ्यास और हथियारों के बुनियादी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आपके भीतर त्वरित निर्णय क्षमता, टीम भावना, अटूट अनुशासन और आत्मनिर्भरता विकसित करने की एक मजबूत कार्यशाला है। एनसीसी युवाओं के सर्वांगीण विकास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र सेवा की भावना को मजबूत करने का एक उत्कृष्ट मंच है।
शिविर के दौरान सीखी गई सीख और दिनचर्या कैडेट्स को जीवन की हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार करेगी। कर्नल राना ने एनसीसी के ध्येय वाक्य एकता और अनुशासन को जीवन में उतारने के साथ-साथ शिविर परिसर में पूर्ण सुरक्षा और स्वच्छता बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने पहली बार महिला आईटीआई में कैंप के सफल आयोजन के लिए कॉलेज के प्रिंसिपल श्री राजीव रंजन एवं एएनओ लेफ्टिनेंट हेमलता के विशेष प्रयासों की सराहना की और उन्हें इस पहल का मुख्य श्रेय दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

